निगरानी के हत्थे चढ़े रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी व दलाल

निगरानी के हत्थे चढ़े रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी व दलाल


कोशी जोन :- जिले के महिषी अंचल कार्यालय में बुधवार को विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी और उसके निजी दलाल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को 16 हजार रुपये घूस लेते समय दबोचा गया। इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम प्रसाद सिंह तथा फूलचंद साह के रूप में हुई है। दोनों पर जमीन की रसीद काटने के नाम पर अवैध रूप से रिश्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, श्याम प्रसाद सिंह महिषी अंचल के बेलाही एवं सिरवार वीरवार हल्का में पदस्थापित हैं। आरोप है कि उन्होंने अपने सहयोगी फूलचंद साह के माध्यम से एक ग्रामीण से जमीन संबंधी कार्य कराने के एवज में घूस की मांग की थी। मामले की शिकायत जलई थाना क्षेत्र के मनौर निवासी मोहम्मद हयात ने पटना स्थित विशेष निगरानी इकाई से की थी। शिकायत में कहा गया था कि बिना पैसे दिए जमीन से जुड़ा काम नहीं किया जा रहा है। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद निगरानी विभाग ने ट्रैप टीम का गठन किया। बुधवार को योजना के तहत जाल बिछाया गया। जैसे ही पीड़ित ने 16 हजार रुपये आरोपियों को सौंपे, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान अंचल कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निगरानी विभाग के अधिकारी पंकज कुमार दराद ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारक अधिनियम की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत कांड संख्या 19/2026 दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को गुरुवार को पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।

राजीब झा, पत्रकार सहरसा

Comments

Popular posts from this blog

स्पर्म की गुणवत्ता में गिरावट : पुरुषों में दिखने वाले लक्षणों को लेकर चिकित्सकों ने किया आगाह

शिक्षा विभाग के इंजीनियर पर 3.25 करोड़ की अवैध संपत्ति का मामला दर्ज

East & West Brings a New Era in Journalism: Vishnu Swaroop