शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख, दमकल ने बुझाई आग
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख, दमकल ने बुझाई आग
कोशी जोन :- सिमरीबख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र के रानीबाग स्थित एक किराना दुकान के ऊपर बने आवासीय हिस्से में शुक्रवार की देर रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के समय कमरे में रखा सामान आग की चपेट में आ गया और पलंग, कपड़े सहित अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर पूरी तरह राख हो गईं। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। दुकान मालिक कमलेश्वरी भगत ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। उन्होंने कहा कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि समय पर दमकल के पहुंचने से आग को फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात सामने आ रही है।
राजीब झा, पत्रकार सहरसा
किसी भी तरहों के समाचार अथवा विज्ञापन हेतु संपर्क करें। व्हाट्सएप - 9525004966

Comments
Post a Comment