आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, डेढ़ लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद
आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, डेढ़ लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद
सहरसा प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर छापेमारी, एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
कोशी जोन :- रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को सहरसा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 से तीन किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षी खुशबू कुमारी को जीआरपी की महिला अवर निरीक्षक शिल्पी कुमारी ने गुप्त सूचना दी कि स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 स्थित नए फुट ओवरब्रिज के पास यात्री शेड में दो संदिग्ध युवक बैठे हुए हैं। सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट कमांडर धनंजय कुमार एवं जीआरपी निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम को देखते ही दोनों युवक एक नीले रंग का बैग लेकर भागने लगे, लेकिन सुरक्षा बल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान सौरबाजार थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय रौशन सहनी तथा मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र के एक नाबालिग बालक के रूप में हुई। तलाशी के दौरान बैग से तीन किलो गांजा बरामद किया गया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर कहरा के मार्केटिंग पदाधिकारी राहुल कुमार मिश्रा दंडाधिकारी के रूप में मौके पर पहुंचे, जिनकी उपस्थिति में गांजा जब्ती की कार्रवाई संपन्न कराई गई। इस संबंध में जीआरपी थाना सहरसा में कांड संख्या 23/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी रौशन सहनी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल न्याय अधिनियम के तहत निरुद्ध किया गया है। मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक राजेश कुमार को सौंपी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद गांजा तस्करी के उद्देश्य से फारबिसगंज से पूर्णिया होते हुए सहरसा लाया गया था।
राजीब झा, पत्रकार सहरसा।

Comments
Post a Comment