जर्जर पुल बना खतरे का सबब, कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना
जर्जर पुल बना खतरे का सबब, कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना
कोशी नहर परियोजना का पुल संख्या-49 आरडी बदहाल, ग्रामीणों ने की शीघ्र मरम्मत की मांग
कोशी जोन, सुपौल :- राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के हरीपुर पंचायत वार्ड संख्या-14 स्थित कोशी नहर परियोजना के पुल संख्या-49 आरडी की जर्जर स्थिति स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। वर्ष 1961-62 में निर्मित लगभग 26 मीटर लंबा यह पुल अब पूरी तरह से बदहाल हो चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल की हालत ऐसी हो गई है कि कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। स्थानीय निवासी अखिलेश झा ने बताया कि पुल की जर्जर स्थिति देखकर मन आहत हो जाता है। उन्होंने कहा कि पुल पर कई बार छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक इसके स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस पुल से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है और आसपास के कई गांवों के लिए यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।
नेपाल सीमा से जुड़े मार्ग पर आवागमन का प्रमुख साधन
ग्रामीणों के अनुसार यह नहर मार्ग नेपाल से गम्हरिया क्षेत्र को जोड़ता है। पुल एनएच-106 के बेरदह चौक से पूर्व दिशा में नहर पर स्थित है, जो हरीपुर, फिंगलास चकला, भगता टोला और दौलतपुर होते हुए एनएच-27 से जुड़ता है। ऐसे में इसकी उपयोगिता और भी बढ़ जाती है।
चुनाव में आश्वासन, बाद में भूल जाते हैं जनप्रतिनिधि
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि पुल निर्माण और मरम्मत का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही मामले को भुला दिया जाता है। हरीपुर गांव की विशेषता यह है कि यहां डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासनिक सेवा से जुड़े अधिकारी तथा देश-विदेश में कार्यरत लोग निवास करते हैं।
इस संबंध में राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और स्थानीय विधायक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो किसी बड़ी अनहोनी की जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार पर होगी।
राजीब झा, पत्रकार - सहरसा/ सुपौल
किसी भी तरहों के समाचार अथवा विज्ञापन के लिए संपर्क करें, व्हाट्सएप - 9525004966

Comments
Post a Comment