ऑपरेशन मुस्कान फेज-11 में कितने के चेहरों पर लौटी मुस्कान
ऑपरेशन मुस्कान फेज-11 में कितने के चेहरों पर लौटी मुस्कान
सहरसा पुलिस ने 40.03 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल लौटाकर लोगों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान
कोशी जोन, सहरसा। बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत सहरसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के फेज-11 में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम एवं चोरी हुए कुल 209 मोबाइल फोन बरामद किए गए। गुरुवार को पुलिस केंद्र सहरसा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किया। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख 3 हजार 71 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न थानों में मोबाइल गुम या चोरी होने की सूचना के बाद दर्ज सनहा एवं प्राथमिकी के आधार पर तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से मोबाइल की बरामदगी की गई। ऑपरेशन मुस्कान के फेज-01 से फेज-11 तक अब तक कुल 860 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इन मोबाइल की अनुमानित कुल कीमत 1 करोड़ 56 लाख 42 हजार 83 रुपये है।
अब तक 860 मोबाइल बरामद कर धारकों को किए जा चुके हैं सुपुर्द
फेज-11 में मोबाइल बरामदगी के मामले में सदर थाना के परि०पु०अ०नि० नंदन कुमार ने सर्वाधिक 39 मोबाइल बरामद किए। वहीं सोनवर्षाराज थाना के परि०पु०अ०नि० सुमन कुमार सुमन ने 24, सिमरी बख्तियारपुर थाना के परि०पु०अ०नि० प्रभाष कुमार ने 21, बलवाहाट थाना के परि०पु०अ०नि० अमित कुमार रजक ने 20 तथा महिषी थाना के परि०पु०अ०नि० शिवम सिंह ने 19 मोबाइल बरामद किए।
एसपी ने आमलोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना को सूचना दें। इसके बाद दूरसंचार विभाग के Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस ने कहा कि आमजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने की दिशा में अभियान लगातार जारी रहेगा।
राजीब झा, पत्रकार सहरसा... व्हाट्सएप - 9525004966
किसी भी तरहों के समाचार अथवा विज्ञापन के लिए संपर्क करें.. www.koshizone.com


Comments
Post a Comment